उत्तरकाशी नेहरू पर्वतारोहण संस्थान NEHRU INSTITUTE OF MOUNTAINEERING यानी की निम NIM के नाम एक और नई उपलब्धि जुड़ने जा रही है। निम इसी माह आयोजित होने वाले नेशनल स्पोर्टस क्लाइंबिंग चैंपियनशिप की मेजबानी करेगा।
चैंपियनशिप में देश भर से करीब 250 क्लाइंबर प्रतिभाग करेंगे। उत्तराखंड में आयोजित हो रहे चैंपियनशिप के आयोजन के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। प्रतियोगिता का आयोजन इंडियन माउंटेरिंग फाउंडेशन व निम संयुक्त रूप से कर रहे हैं। यह प्रतियोगिता तीन दिनों तक चलेगी।
जनपद मुख्यालय में स्थित नेहरू पर्वतारोहण संस्थान NIM में 12 अगस्त से 14 अगस्त तक नेशनल स्पोर्ट्स क्लाइबिंग चैंपियनशिप आयोजित होगी। निम के प्रधानाचार्य कर्नल अमित बिष्ट ने बताया कि उत्तराखंड में यह प्रतियोगिता पहली बार आयोजित हो रही है। यहां से एशियन व ओलंपिक के लिए टीम चयनित की जाएंगी।
प्रतियोगिता में उत्तराखंड के 8 क्लाइंबर भी शामिल होंगे। जिनमें से 5 उत्तरकाशी के हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को आमंत्रित किया जाएगा। कर्नल अमित बिष्ट ने बताया कि संस्थान ने आयोजन के लिए लगभग सभी तैयारियां पूर्ण कर ली हैं।