श्रीनगर। बेस अस्पताल श्रीनगर गढवाल में ठंड बढ़ने के साथ मरीजों की समस्या भी बढ़ रही है। 510 सामान्य तथा 115 आई सी यू बैड वाले अस्पताल में मरीजों को ठंड से बचने के लिए केवल एक चादर तथा एक कंबल एडमिट होने के समय दी जा रही है। इसके अतिरिक्त मरीजों को ठंड से बचने के लिए मजबूरन बाहर से किराए पर रजाई/कंबल लेना पड़ रहा है। अस्पताल में एडमिट मरीज के परिजन भरत सिंह भंडारी ने बताया कि मरीज को केवल एक कंबल दी गई है, ना ही पीने के लिए गर्म पानी और ना कोई हीटर की व्यवस्था है। हालांकि खाना गर्म मिलता है लेकिन वार्ड में सफाई अच्छे से नहीं की जाती है। हमें जरूरत का सामान जैसे गरम पानी, रजाई, नहाने के लिए गरम पानी बाहर से खरीद कर लाना पड़ रहा है।
इसके इतर बेस अस्पताल प्रशासन द्वारा ठंड के मद्वेनजर तैयारियॉ पूरी होने के दावे किये जा रहे हैं।
चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर आर एस बिष्ट का कहना है कि मरीजों के लिए गीजर लगे हुए हैं। प्रत्येक वार्ड में इलेक्ट्रिक कैटल की व्यवस्था तथा वार्ड में साफ-सफाई का विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आई सी यू में सेंट्रल हिटिंग की व्यवस्था और जरूरत के अनुसार मरीजों को हीटर भी दिए जा रहे हैं।
हालांकि अस्पताल प्रशासन के दावों के इतर बढ़ती ठंड और अस्पताल प्रशासन की लापरवाई से मरीजो को दिक्कतो का सामना करना पड़ रहा हैं।