ऋषिकेश। मकर संक्रांति के पर्व पर देश के विभिन्न प्रांतों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने त्रिवेणी घाट पर पुलिस की कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच कड़ाके की ठंड में गंगा में डुबकी लगाई। मकर संक्रांति पर्व पर ऋषिकेश के विभिन्न गंगा घाटों पर एक लाख से ज्यादा श्रद्वालुओं ने गुरुवार को आस्था की डुबकी लगाई। ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट सहित रामझूला एवं लक्ष्मण झूला क्षेत्र के तमाम घाटों पर सुबह से ही गंगा में आस्था की डुबकी लगाने के लिए श्रद्वालुओं की भारी भीड़ उमड़ने लगी थी। इस दौरान तमाम महत्वपूर्ण घाटों पर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था काफी कड़ी नजर आई।। मकर संक्रांति के पावन पर्व पर देवभूमि ऋषिकेश के सभी घाटों पर ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं के स्नान का क्रम शुरू हो गया। श्रद्धालु सुबह से ही गंगा स्नान के लिए स्नान घाटों पर पहुंचने लगे और हर हर गंगे, जय मां गंगे के जय घोष के साथ मकर संक्रांति पर्व का पुण्य प्राप्त करने को गंगा में डुबकी लगाई। उन्होंने इसके साथ गंगा पूजन और दान पुण्य का लाभ भी अर्जित किया।