श्रीनगर: आज महाशिवरात्रि के अवसर पर नगर क्षेत्र के शिवालय शिव शम्भू के जयकारों से गुंजायमान रहे। सुबह से ही शिवालयों में जलाभिषेक के लिए शिव भक्तों का तांता लगा हुआ है। सुबह चार बजे से ही शिवरात्रि के अवसर पर श्रीनगर के कमलेश्वर महादेव मंदिर, कटकेश्वर महादेव मंदिर, नागेश्वर मंदिर, चैरास में स्थित किलकिलेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक के लिए लोगों का जुटना शुरू हो गया। किलकिलेश्वर महादेव मंदिर में शिव रात्रि के पर्व के महातम्य को देखते हुए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।

श्रीनगर में नागेश्वर महादेव मंदिर, अल्केश्वर महादेव मंदिर, शंकरामठ, कीर्तिनगर के ढूंढप्रयाग, खोला के समीप अष्टावक्र महादेव में भी श्रद्धालुओं का हुजुम उमड़ा रहा। सिद्वपीठ कमलेश्वर महादेव मंदिर में महंत आशुतोष पुरी की ओर से भी श्रद्धालुओं के लिए दर्शनों की पूरी व्यवस्थाएं की गई। महंत आशुतोष पुरी ने बताया कि महाशिवरात्रि का महापर्व होता है और वर्ष में तीन रात्रि होती है कालरात्रि, महारात्रि और मोहरात्रि ।
जिनमें से शिवरात्री भगवान शिव को समर्पित है। वहीं कालरात्री माँ भगवती को समर्पित है और मोहरात्रि विष्णु भगवन को समर्पित है। आज भगवान शिव को समर्पित महाशिवरात्रि है आज के दिन भगवान शिव और पार्वती का विवाह हुआ था। कहा कि इस दिन रात्रि विशेष का महत्व होता है इस रात्रि को जो भी शिव भक्त भगवान शिव की चारों पहर की पूजा करते हैं उन्हें मनोवांछित फल की प्राप्ति होती है।