ऋषिकेश।चारधाम यात्रा के पौराणिक पैदल मार्ग को विकसित करने के लिए गंगा पथ यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा का शुभारंभ परमार्थ निकेतन के प्रमुख चिदानंद महाराज पौड़ी जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान द्वारा किया गया। पौड़ी जिले के परमार्थ निकेतन से यह यात्रा विभिन्न पड़ावों से होते हुए देवप्रयाग पहुॅची। शनिवार को परमार्थ निकेतन के प्रमुख चिदानंद महाराज, जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान, डीएफओ स्वपनिल समेत यात्रा में शामिल अन्य लोगों द्वारा परमार्थ निकेतन में यात्रा से पूर्व यज्ञ किया गया। इसके बाद यात्रा को रवाना किया गया। यह यात्रा प्राचीन पौराणिक चारधाम पैदल मार्ग को पुनर्जीवित करने के उद्वेश्य से की जा रही है।

यात्रा जब विभिन्न पड़ावों से होते हुए बंदरचट्टी पहुॅची तो यहॉ यात्रा में शामिल विदेशी यात्रियों का स्थानीय लोगों द्वारा फूल मालाओं के साथ स्वागत किया गया। वहीं इस पैदल गंगा पथ यात्रा में विदेशी यात्रियों के साथ, अन्य श्रद्वालुओं व बच्चों का भी उत्साह देखने को मिला। डीएम पौड़ी डॉ आशीष चौहान ने खुद यात्रा में शामिल रहे, इस दौरान उन्होनें व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। जिलाधिकारी पौड़ी डॉ आशीष चौहान ने बताया कि यात्रियों और पर्यटकों को यहां की संस्कृति और रीति रिवाज से रूबरू कराने के लिए इस मार्ग को फिर से संचालित किया जा रहा है। इस यात्रा पथ के पुनः संचालित होने से यहॉ के गांवों में फिर से आर्थिकी लौट के आएगी। जिससे यहां के स्थानीय युवाओं को रोजगार भी मिलेगा साथ ही पयर्टक प्रकृति के बीच रहकर यात्रा का आनंद उठा सकेंगे। बताया कि गंगा तट से गुजरती हुई इस यात्रा के जरीए गंगा को स्वच्छ रखने का भी संदेश दिया जा रहा है। यात्रा का अंतिम पड़ाव देवप्रयाग है जहां पर सायंकालिन गंगा आरती करते हुए यात्रा का समापन किया जाएगा।