देवाल। विकासखण्ड़ के आपदा ग्रसित क्षेत्र केल, हरिपुर, लोसरी, फल्दियागांव में कार्यदाही संस्था सिंचाई विभाग द्वारा सुरक्षा दिवार का निर्माण कार्य करवाया गया था। लेकिन स्थानीय लोग उक्त कार्य में भ्रष्टाचार का आरोप लगा रहे थे। वहीं उक्त कार्य की गुणवत्ता पर भी सवाल खड़े कर रहे थे। स्थानीय क्षेत्रवासी निर्माण कार्य की गुणवत्ता की जॉच करने व कार्यवाही की मांग कर रहे थे। लेकिन अब उक्त कार्य की धनराशी जारी होने के बाद स्थानीय क्षेत्रवासियों में आक्रोश व्याप्त है। इस बीच सोशल मीडिया में भी निर्माण कार्य के दौरान रेता, बजरी, गिट्टी की पर्याप्त मात्रा में उपयोग न होना व मिट्टी नुमा रेत में सिमेंट मिलाकर निर्माण कार्य किये जाने का विडियो वायरल हो रहा है। हालांकि ये विडियो 2 महीनें पुरान निर्माण कार्य के दौरान का है।
वहीं अब बीजेपी पदाधिकारी व युवा मोर्चा ने भी सिंचाई विभाग व निर्माण कार्य करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। युवा मोर्चा के जिला मंत्री तेजपाल रावत ने बताया कि विभाग की मिलीभगत से करोड़ो की योजना को ठिकाने लगाया जा रहा है। निर्माण कार्य गुण्वत्तापूर्ण नहीं किया गया है और स्थानीय लोगों के विरोध के बाद भी संबधित ठेकेदार को पेमेंट जारी कर दी जाती है।
बीजेपी मंडल अध्यक्ष उमेश मिश्रा ने आरोप लगाते हुए कहा कि घटिया निर्माण के बाद भी पेमेंट जारी कर देना इस बात की ओर इशारा करता है कि किसी बड़े अधिकारी या मंत्री का हाथ इनके सिर पर है। भाजयुमो के पूर्व जिला उपाध्यक्ष जितेन्द्र बिष्ट ने कहा कि 6 जून को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चमोली दौरे पर रहेंगे। इस दौरान उनसे विकासखण्ड़ में हुए भ्रष्टाचार को लेकर वार्ता की जायेगी व उचित कार्यवाही की मांग की जायेगी।