कीर्तिनगर। 18 जून को राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उच्च न्यायालय के संयुक्त तत्वाधान में प्रदेशभर में वृहद स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया जाना है। जिसे लेकर तहसील स्तर पर विधिक सेवा समीति द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। आयोजित स्वछता कार्यक्रम के दौरान छात्रों को भी जागरूक किया जायेगा साथ ही तहसील प्रशासन, पुलिस प्रशासन व अन्य विभागों के सहयोग से कूड़े का एकत्रिकरण व निस्तारण किया जायेगा। तहसील विधिक सेवा समिति के अध्यक्ष व सिविल जज कीर्तिनगर शैलेंद्र कुमार यादव ने पत्रकारों से वार्ता में बताया कि यह अभियान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण एवं उच्च न्यायालय के संयुक्त तत्वाधान में पूरे उत्तराखंड में चलाया जाना है।
बताया कि 4 घंटे तक चलने वाला यह स्वच्छता अभियान मात्र अभियान बनकर ही न रह जाए इसके लिए जरूरी तैयारियां की गई हैं। कहा कि जिस स्थान पर यह अभियान चलाया जाएगा वहां पर सफाई से पूर्व व सफाई के बाद के फोटो उच्च न्यायालय को भेजे जाने हैं। उन्होंने आम जन व मीडिया से इस अभियान को सफल बनाने की अपील की।